Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन प्रखंड स्थित ऐतिहासिक हरदिया कोठी आज भी पर्यटन स्थल के रूप में पूरी तरह विकसित होने का इंतजार कर रही है. पूर्व पर्यटन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सह विधायक नारायण प्रसाद के गृह पंचायत में स्थित यह स्थल प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के लिए जाना जाता है.
सड़क बनने से बढ़ी पहुंच
ब्रिटिश कालीन इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए कोठी के चारों ओर पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है. सड़क बनने के बाद यहां पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो गया है. चारों तरफ फैली हरियाली और शांत वातावरण लोगों को आकर्षित करता है.
नए साल पर उमड़ती है भीड़
हर साल एक जनवरी को बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं. शहर और गांवों से परिवार और दोस्तों के साथ लोग पूरे दिन यहां की खूबसूरती का आनंद लेते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यहां बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं तो यह क्षेत्र बड़ा पर्यटन केंद्र बन सकता है.
हरदिया मन की मछली मशहूर
कोठी के समीप स्थित हरदिया मन भी इलाके की खास पहचान है. यहां मिलने वाली मछलियां उत्तर बिहार में काफी प्रसिद्ध हैं. दूर-दराज से लोग सुबह और शाम यहां मछली खाने पहुंचते हैं. प्राकृतिक सौंदर्य और स्वादिष्ट मछलियों का संगम इस स्थल को खास बनाता है.
स्थानीय मुखिया अफरोज नैयर ने कहा कि सरकार यदि पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करे तो हरदिया कोठी क्षेत्र के विकास को नई पहचान मिल सकती है. वहीं पूर्व मंत्री नारायण प्रसाद लगातार इस स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं.
पश्चिमी चंपारण के नौतन से राजकुमार पासवान की रिपोर्ट
