Bagaha Graveyard Boundary: बगहा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 स्थित गोडिया पट्टी के ऐतिहासिक कब्रिस्तान की चारदीवारी कराने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर आवाज उठाई है. इस मुहिम में हिंदू और मुस्लिम समाज के साथ-साथ स्थानीय राजस्थानी समुदाय के लोगों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर नगर परिषद प्रशासन से जल्द घेराबंदी कराने की मांग की है. यह पहल इलाके में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल बनी हुई है.
खुले परिसर से असामाजिक तत्वों का अड्डा बना स्थल
स्थानीय नागरिकों के अनुसार चारदीवारी के अभाव में ऐतिहासिक कब्रिस्तान पूरी तरह खुला पड़ा है, जिससे इसकी पवित्रता और सुरक्षा प्रभावित हो रही है.
- असामाजिक गतिविधियां: बाउंड्री न होने से शाम ढलते ही यहां जुआ खेलने और शराब का सेवन करने वाले असमाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है.
- गंदगी का अंबार: आसपास के लोग खाली जमीन समझकर परिसर में कूड़ा-कचरा फेंकते हैं, जिससे भीषण दुर्गंध फैलती है.
- जलजमाव का संकट: कई रिहायशी मकानों का गंदा पानी परिसर में बहकर जमा हो रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बना रहता है.
वार्ड प्रतिनिधि ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
वार्ड नंबर 26 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू सिंह ने बताया कि नगर परिषद के पास कब्रिस्तान की चारदीवारी और अन्य विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है. घेराबंदी होने से लंबे समय से चली आ रही गंदगी और नशेड़ियों के जमावड़े की समस्या पर स्थायी रोक लगेगी.
नागरिकों ने उठाई शीघ्र निर्माण की मांग
मुहल्लेवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से अविलंब स्थल निरीक्षण कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है. मांग करने वालों में मुख्य रूप से पंकज मिश्रा, अनिल बैठा, राजू बैठा, राजू कुशवाहा, नथुनी राय, बेचू राय, नैशाद अली, विजय कुमार, भुटी खां, अरमान खान और अब्दुल गफ्फार शामिल हैं.
ये भी पढ़ें; 17 दिन से लापता 11 साल के मासूम का गंडक किनारे मिला शव, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
