Bettiah Crime: पश्चिम चंपारण के बेतिया में धोखाधड़ी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस के सामने मंगलवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. योगापट्टी थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में पुलिस को देखते ही आरोपी हाशिम अंसारी तालाब में कूद गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए घंटों तक पानी में छिपा रहा. काफी समझाने और मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया.
धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, योगापट्टी थाना कांड संख्या 95/26 में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में नामजद आरोपी हाशिम अंसारी की गिरफ्तारी के लिए योगापट्टी और बेतिया पुलिस की संयुक्त टीम रमपुरवा गांव पहुंची थी. पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से भागा और पास के तालाब में छलांग लगा दी.
घंटों तक पानी में छिपा रहा आरोपी
तालाब में उतरने के बाद आरोपी काफी देर तक पानी के भीतर छिपा रहा. बाहर मौजूद पुलिसकर्मी उसे लगातार बाहर आने के लिए कहते रहे, लेकिन आरोपी यह कहकर बाहर आने से इनकार करता रहा कि बाहर निकलते ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी.
ग्रामीणों की भीड़ जुटी
घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जमा हो गई. पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक आरोपी को समझाने की कोशिश की. लंबी मशक्कत के बाद वह तालाब से बाहर निकला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
न्यायिक प्रक्रिया के तहत हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाशिम अंसारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढे़ं: बेतिया के बाजारों में अचानक पहुंचे एसएसपी, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था देखकर अधिकारियों को दिए निर्देश
