West Champaran News: भितहा पुलिस ने पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटे लाल यादव हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी रविंदर यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा किया है. शुक्रवार देर शाम पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
Bhitaha News: रविंदर यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भितहा थाना क्षेत्र के मुराडीह गांव निवासी बलिस्टर यादव के पुत्र रविंदर यादव के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची.
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में रविंदर यादव ही मुख्य और एकमात्र आरोपी है.
पत्नी से कथित संबंध के शक में हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में रविंदर यादव ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी के साथ पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटे लाल यादव के कथित अवैध संबंध थे. इसी बात को लेकर वह छोटे लाल यादव से आक्रोशित था और बदला लेने की नीयत से हत्या की.
हालांकि, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी.
लाठी से हमला करने के बाद गला दबाकर हत्या
थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसने दियारा क्षेत्र स्थित घर में छोटे लाल यादव पर पहले लाठी से हमला किया. हमले में उनका हाथ टूट गया. इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी.
शव को कंधे पर उठाकर प्रेमही नाला में फेंका
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद रविंदर यादव ने शव को अकेले अपने कंधे पर उठाया और पास के प्रेमही नाला में ले जाकर डाल दिया. घटना के समय आरोपी की पत्नी भी दियारा स्थित डेरे पर मौजूद थी.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना से पहले पत्नी के साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया था, ताकि उसे घटना की जानकारी नहीं हो सके.
पुलिस ने आरोपी की पत्नी से भी की पूछताछ
थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ की गई है. पुलिस ने बताया कि रविंदर यादव का घर मृतक छोटे लाल यादव के गांव में ही है और वह दियारा क्षेत्र में भी घर बनाकर खेती-बाड़ी करता था.
मामले में भितहा थाना कांड संख्या 134/26 दर्ज है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पूर्व प्रखंड प्रमुख छोटे लाल यादव का शव प्रेमही दियारा क्षेत्र से बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ शुरू की.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों से हत्याकांड की कई कड़ियां स्पष्ट हुई हैं. पुलिस के अनुसार हत्या को आरोपी ने अकेले ही अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें: बेतिया: शिक्षकों के हक की आवाज लेकर अपर मुख्य सचिव के पास पहुंचे डॉ. राहुल राज, रखीं कई बड़ी मांगें
