बिजली मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत, परिजनों ने किया हंगामा

प्रखंड के रुदलपुर गांव स्थित सरेह में सोमवार को बिजली मरम्मत का कार्य करते समय एक बिजली मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई.

योगापट्टी. प्रखंड के रुदलपुर गांव स्थित सरेह में सोमवार को बिजली मरम्मत का कार्य करते समय एक बिजली मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान लक्षनौता गांव निवासी स्वर्गीय विंध्याचल महतो के 30 वर्षीय पुत्र हीरालाल महतो के रूप में हुई है. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बिजली सब-पावर स्टेशन के गेट पर रखकर घंटों हंगामा किया. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना सुरक्षा उपकरण दिए कर्मचारियों से काम करवाया जाता है. उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश कर रही थी, लेकिन लोग मृतकम के परिजनों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे. जानकारी के अनुसार, मृतक हीरालाल महतो पावर ग्रिड योगापट्टी से आदेश पर रुदलपुर सरेह में बिजली की खराबी दूर करने गया था. उसे शट डाउन मिलने के बाद वह पोल पर चढ़कर तार ठीक कर रहा था. इसी दौरान पावर स्टेशन से अचानक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. करंट लगने के बाद वह पोल से नीचे पानी में गिर पड़ा. स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया. बताते हैं कि मृतक हीरालाल महतो अपने परिवार का एकमात्र सहारा था. वह बिजली मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके पीछे पत्नी सबिता देवी, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >