Bettiah News: राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान', 'स्वच्छता जागरूकता अभियान' एवं 'प्लास्टिक मुक्त बिहार अभियान' के तहत शपथ ग्रहण, जागरूकता कार्यक्रम और महाविद्यालय परिसर में विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, युवा आपदा मित्रों, एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के लाइव वेबकास्ट का प्रसारण किया गया. विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना और नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लिया.
विशेषज्ञों ने नशा, स्वच्छता और पर्यावरण पर किया जागरूक
मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय पाण्डेय ने युवाओं के जीवन पर नशे के दुष्प्रभावों की चर्चा करते हुए कहा कि स्वस्थ और सफल जीवन के लिए नशे से दूर रहना आवश्यक है. संस्कृत विभाग की सहायक आचार्या डॉ. श्लेषा सचिंद्र ने कहा कि स्वच्छता के मूल्यों को व्यवहार में अपनाना ही स्वच्छ समाज की पहली शर्त है. परीक्षा नियंत्रक डॉ. राकेश राय ने प्लास्टिक प्रदूषण को मानव सभ्यता के लिए गंभीर खतरा बताते हुए पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा जरूरी
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अभय कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि नशा केवल युवाओं का ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का दुश्मन है. उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा पीढ़ी ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकती है और समाज को सकारात्मक दिशा दे सकती है.
एनएसएस और एनसीसी की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में एनसीसी के नोडल अधिकारी डॉ. रामनगेश प्रसाद, डॉ. सौरव रंजन, डॉ. रामचंद्र पासवान, डॉ. संजीव कुमार, बबलू कुमार, नितेश कुमार, विश्वनाथ यादव और मुन्नी खातून ने सक्रिय भूमिका निभाई. अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी अजय पासवान ने सभी प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं युवा आपदा मित्रों का धन्यवाद ज्ञापित किया.
यह भी पढ़ें:मैनाटांड़ पुलिस अंचल की अपराध समीक्षा बैठक, शराब तस्करों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश
