West Champaran News: बेतिया. जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज और जीविका की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया.
मनरेगा में अधिक से अधिक रोजगार देने पर जोर
मनरेगा की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी पंचायतों में मानव दिवस सृजन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा के तहत काम में तेजी लायी जाए.
इसके साथ ही निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश भी दिया गया.
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में धीमी प्रगति पर फटकार
आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने बगहा-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी को फटकार लगायी. उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने का निर्देश दिया.
प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित मजदूरी 15 दिनों में
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान मंझौलिया, नौतन और लौरिया के कार्यक्रम पदाधिकारियों को लाभार्थियों की लंबित मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही द्वितीय और तृतीय किस्त के लंबित भुगतान में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
स्वच्छता अभियान में शौचालय और कचरा उठाव पर जोर
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण, घर-घर कचरा उठाव और डब्ल्यूपीयू में कचरे के व्यवस्थित निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गयी. डीएम ने स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया.
जल संसाधन की लंबित योजनाओं का फिर से तैयार होगा प्राक्कलन
जल संसाधन विभाग की लंबित योजनाओं को लेकर डीएम ने पुनः प्राक्कलन तैयार करने को कहा. लंबित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने और कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया.
पंचायतों की अधूरी योजनाएं समय पर पूरी करने का निर्देश
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान अपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा गया. इसके अलावा पंचायतों में लगायी जा रही सोलर लाइट की गुणवत्ता की जांच और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया.
रोजगार और विकास कार्यों पर रहेगी प्राथमिकता
बैठक के दौरान डीएम तरनजोत सिंह ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए. रोजगार सृजन, विकास योजनाओं की प्रगति और लंबित कार्यों के निष्पादन में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए. संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ योजनाओं को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया.
अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, निदेशक डीआरडीए पुरुषोत्तम त्रिवेदी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, एनईपी एवं जल संसाधन विभाग के सभी प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सभी बीडीओ, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी और कार्यक्रम पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों में सीट से अधिक नामांकन, नोटिस जारी
