प्रदेश महासचिव बनने के बाद वाल्मीकिनगर पहुंचे धीरेंद्र प्रताप सिंह

कार्यकर्ताओं ने किया ऐतिहासिक स्वागत

वाल्मीकिनगर. जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह को पार्टी के प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद पहली बार वाल्मीकिनगर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया. सैकड़ों की संख्या में पहुंचे समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया, मिठाइयां खिलाईं और जोरदार नारों के बीच नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला. पूर्व विधायक के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में जदयू कार्यकर्ताओं ने प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धीरेंद्र प्रताप सिंह को प्रदेश महासचिव जैसा अहम दायित्व मिलना वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है. कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक और अधिक मजबूत होगा. इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत और मेरुदंड होता है.कार्यकर्ताओं के सहयोग और जनता के विश्वास के बल पर जनता दल (यूनाइटेड) को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. स्वागत समारोह में पूर्व विधायक के निजी सहायक प्रदीप पांडेय, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला सह मंत्री प्रेम कुमार, चंदन सिंह, बिट्टू जायसवाल, डॉ. नीरज तिवारी, संजीव चौरसिया सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे.कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा प्रदेश महासचिव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >