Bettiah News: सावन की पहली सोमवारी पर सोमवार को पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह से ही महिला, पुरुष, युवा और बच्चे भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे. पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की.
Sawan Somwar: प्रमुख शिवालयों में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
शहर के सागर पोखरा मनोकामना महादेव मंदिर, पिउनीबाग शिव मंदिर, जोड़ा शिवालय मंदिर, स्टेशन चौक शिव मंदिर, आईटीआई फील्ड शिव मंदिर, श्री राम जानकी मंदिर (शिव मंदिर) सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक और आरती का आयोजन किया गया.
गंगाजल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर किया जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. कई श्रद्धालु कांवर में जल लेकर शिवालयों तक पहुंचे और भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
कांवरियों के लिए सेवा शिविर बना सहारा
पखनाहा बाजार स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में शिव भक्त अमित गिरी की पहल पर कांवरिया सेवा शिविर लगाया गया. शिविर में कांवरियों के लिए नि:शुल्क भोजन, नाश्ता, पेयजल, प्राथमिक उपचार, विश्राम और मोबाइल चार्जिंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.
सावन भर जारी रहेगा सेवा शिविर
शिव भक्त अमित गिरी ने बताया कि सावन माह भर यह सेवा शिविर निरंतर संचालित रहेगा. उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य है. श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से प्रेरणादायक बताया.
यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर गंडक नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, जल भरने गया था घाट