Bagaha News: बगहा-1 प्रखंड के पतिलार में नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शनिवार को उद्घाटन किया गया. बगहा विधायक राम सिंह ने बेतिया के सिविल सर्जन डॉ. विजय चौधरी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश सिंह नीरज तथा अन्य अधिकारियों के साथ फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया.
उद्घाटन के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया गया और उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी साझा की गई.
करीब 4.80 करोड़ रुपये की लागत से बना अस्पताल
विधायक राम सिंह ने कहा कि लगभग 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह दो मंजिला अस्पताल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है.
उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
मरीजों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
अस्पताल में एक्स-रे, ईसीजी, पैथोलॉजी लैब सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
इन सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी.
विधायक ने सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" की भावना के साथ कार्य कर रही है.
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीपीएम अमित अचल, डॉ. आर.एस. मुन्ना, डीपीसी अमित कुमार, बीएमएनई विनय कुमार सिंह, अनुमंडलीय अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी, अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज हुसैन, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भूषण कुमार, विभूति भूषण किशोर, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार लल्ला, मनोज सिंह, श्रीकांत हलदार, बब्लू मिश्र और अमित मिश्र सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
