मोबाइल लेने घर से निकला था बंटी, सुबह पेड़ से लटका मिला शव, मां ने चार पर लगाया हत्या का आरोप

घोघा तिवारी टोला में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मां ने जमीन विवाद को लेकर चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

बेतिया क्राइम: चनपटिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के घोघा तिवारी टोला वार्ड संख्या-10 में शुक्रवार की सुबह 24 वर्षीय बंटी तिवारी का शव घर से करीब सौ मीटर दूर पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी मच गयी. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मोबाइल बनवाने निकला था बंटी

परिजनों के अनुसार बंटी ने अपना मोबाइल घोघा चौक स्थित एक दुकान पर बनने के लिए दिया था. गुरुवार की शाम वह मोबाइल लेने की बात कहकर पैदल घर से निकला था. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिला.

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर पेड़ से उसका शव लटका देखा. सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे.

दूध बेचने के साथ करता था खेती

बंटी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. वह दूध बेचने के साथ खेती-किसानी भी करता था. इसके अलावा दूसरे प्रदेश में पेंटिंग का काम करता था. परिजनों ने बताया कि वह जल्द ही बाहर कमाने जाने की तैयारी में था.

मां ने जमीन विवाद में हत्या का लगाया आरोप

मृतक की मां रेणु देवी ने जमीन विवाद को लेकर चार लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है. उन्होंने घोघा बाबू टोला निवासी नंदलाल सिंह, राहुल सिंह, ऋषि पाण्डेय और मुन्ना पाण्डे को आरोपित किया है.

हालांकि, पुलिस ने अभी घटना को हत्या या आत्महत्या मानकर निष्कर्ष नहीं निकाला है. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.

एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

घटना की सूचना पर गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किये.

थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है. एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच करायी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.

यह भी पढे़ं:

कालीबाग कॉरिडोर पर क्यों उठी डीपीआर बदलने की मांग? काम में देरी पर पार्षद ने उठाये सवाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >