Garbage Dumping Dispute: चनपटिया नगर परिषद में कचरा डंपिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. करीब 10 दिन बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है. 25 जुलाई की शाम नगर परिषद के सफाई जमादार बृजेश कुमार और यूट्यूबर संदीप कुमार चंद्रवंशी ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद चनपटिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
नगर परिषद कर्मी ने क्या आरोप लगाए?
सफाई जमादार बृजेश कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि यूट्यूबर संदीप कुमार चंद्रवंशी ने सरकारी परिसर में कचरा बिखेरकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई. साथ ही गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है.
यूट्यूबर ने लगाए मारपीट और रंगदारी मांगने के आरोप
दूसरी ओर, यूट्यूबर संदीप कुमार चंद्रवंशी ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद के कुछ कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी.
उन्होंने अपने आवेदन में कहा है कि नगर परिषद के प्रधान सहायक धर्मेंद्र कुमार और टैक्स दारोगा मनोज कुमार उन्हें चारपहिया वाहन से नगर परिषद कार्यालय के पास ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल में मौजूद कचरा डंपिंग का वीडियो हटवा दिया गया.
यूट्यूबर का यह भी आरोप है कि नगर परिषद के एक कर्मचारी ने कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) के इशारे पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर सरकारी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी.
कैसे शुरू हुआ था विवाद?
यह विवाद 14 जुलाई को शुरू हुआ था. आरोप है कि नगर के पकड़ीहार वार्ड संख्या-14 स्थित रिहायशी इलाके से करीब 500 मीटर की परिधि में नगर परिषद की ओर से कचरा डंप किया जा रहा था.
ग्रामीणों की शिकायत पर यूट्यूबर संदीप कुमार चंद्रवंशी मौके पर पहुंचे और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों का हवाला देते हुए वहां कचरा डंप करने का विरोध किया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
बाद में नगर परिषद परिसर में कचरा गिराने से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
पुलिस कर रही है जांच
नगर परिषद के जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है.
फिलहाल चनपटिया पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
