Bettiah News: बेतिया. चनपटिया पुलिस ने सोमवार की सुबह थाना गेट के सामने बैरिकेडिंग कर 142 किलो गांजा लदी बोलेरो को पकड़ा है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने वाहन चालक कुमारबाग के रमपुरवा निवासी निर्मल कुमार सिंह (18) को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 56.80 लाख रुपये बतायी जा रही है. पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
Chanpatia News: थाना गेट के सामने बैरिकेडिंग कर पकड़ी गई बोलेरो
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो से गांजा जैसा मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद थाना गेट के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की गयी.
इसी दौरान संदिग्ध सफेद रंग की बोलेरो को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान वाहन से अलग-अलग वाटरप्रूफ पैकेट में रखा गांजा बरामद हुआ.
142 किलो गांजा बरामद, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन से कुल 142 किलो गांजा बरामद किया. इसके बाद गांजे को राजस्व अधिकारी के समक्ष जब्त कर बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया गया.
पुलिस ने मौके से चालक निर्मल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.
तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गयी थी और इसे चनपटिया या आसपास के किस इलाके में पहुंचाया जाना था.
जांच टीम तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का भी पता लगा रही है.
यह भी पढ़े: सस्ता नारियल पानी देने का झांसा, कारोबारी से साइबर अपराधियों ने ठगे 2.10 लाख रुपये
