West Champaran News: इनरवा पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव निवासी शेख मुस्लिम मियां के पुत्र शेख अरमान के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के चिउटांहा गांव से चोरी की गई दो मवेशियों को बरामद किया है. हालांकि इनमें से एक मवेशी के वास्तविक मालिक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
Mainatand News: घोड़पकड़ी गांव से हुई थी मवेशी चोरी
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात इनरवा थाना क्षेत्र के घोड़पकड़ी गांव निवासी नगीना यादव की एक दूधारू मवेशी चोरी हो गई थी. घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर इनरवा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें शेख अरमान को नामजद आरोपी बनाया गया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर पुरैनिया गांव में छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
आरोपी की निशानदेही पर दो मवेशी बरामद
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चिउटांहा गांव से चोरी की गई दो मवेशियों को बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार आरोपी मवेशियों को दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से उसकी योजना विफल हो गई.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद दोनों मवेशियों में से एक के मालिक की पहचान की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर गंडक नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, जल भरने गया था घाट
