स्नातक में एडमिशन: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. विश्वविद्यालय की ओर से ऑन स्पॉट एडमिशन का मौका दिया जा रहा है. इसके तहत बीए, बीएससी और बीकॉम समेत स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों में नामांकन कराया जा सकेगा. ऑन स्पॉट नामांकन के लिए यूएमआईएस पोर्टल पर 2 से 7 सितंबर 2026 तक एडिट प्रक्रिया संचालित होगी.
2 से 7 सितंबर तक मिलेगा मौका
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आलोक प्रताप सिंह की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में ऑन स्पॉट नामांकन को लेकर जानकारी दी गयी है. इसके अनुसार 2 सितंबर से यूएमआईएस पोर्टल पर ऑन स्पॉट एडमिशन की एडिट प्रक्रिया शुरू होगी, जो 7 सितंबर तक चलेगी.
ऐसे विद्यार्थी जो नियमित नामांकन प्रक्रिया में एडमिशन नहीं ले सके हैं, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है. इच्छुक छात्र-छात्राओं को निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गयी है.
दस्तावेजों की जांच के बाद ही होगा एडमिशन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑन स्पॉट नामांकन आवेदक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के बाद ही लिया जाएगा. यदि किसी प्रमाणपत्र या दस्तावेज में किसी तरह की त्रुटि पायी जाती है तो नामांकन नहीं किया जाएगा.
इसलिए विद्यार्थियों को आवेदन करने से पहले अपने सभी आवश्यक प्रमाणपत्र और दस्तावेज अच्छी तरह जांच लेने की सलाह दी गयी है. दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण सही होना जरूरी होगा.
निर्धारित शुल्क ही लेना होगा
विश्वविद्यालय की ओर से सभी वर्ग और कोटि के छात्र-छात्राओं से राजभवन द्वारा तय प्रावधानों के अनुसार निर्धारित नामांकन शुल्क लेने को कहा गया है. महाविद्यालयों को निर्धारित शुल्क की अधिसूचित विपत्र अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया है.
इसके साथ ही शुल्क संबंधी अधिसूचना की एक प्रति विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण कार्यालय में भी उपलब्ध कराने को कहा गया है.
विद्यार्थियों को दस्तावेज तैयार रखने की सलाह
ऑन स्पॉट नामांकन प्रक्रिया 2 सितंबर से शुरू होने वाली है. ऐसे में नामांकन के इच्छुक विद्यार्थियों को अपने सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी गयी है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय के भीतर यूएमआईएस पोर्टल पर आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
यह भी पढे़ं:
‘रोजी-रोटी के लिए छोड़ना पड़ता है घर-परिवार’, परदेश जाने वाले मजदूरों की दर्द भरी कहानी
