दिनभर काम के बाद घर लौट रहा था 19 वर्षीय रामजी, आरओबी पर अज्ञात ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हायर सेंटर रेफर

पश्चिम चंपारण में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार 19 वर्षीय युवक को भीषण टक्कर मार दी. युवक का एक पैर और हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

West Champaran Road Accident: नरकटियागंज नगर के दिउलिया स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर बुधवार की देर शाम एक अनियंत्रित ट्रैक्टर और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में ग्लैमर बाइक सवार 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि युवक का एक पैर और एक हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक के भी परखच्चे उड़ गए. घायल युवक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के कोईरगांवा निवासी सुकट पटेल के 19 वर्षीय पुत्र रामजी पटेल के रूप में की गई है.

बढ़ई का काम कर बाइक से घर लौट रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामजी पटेल दिनभर बढ़ई (कारपेंटर) का काम करने के बाद नरकटियागंज बाजार से कुछ आवश्यक सामान खरीदकर अपनी ग्लैमर बाइक से वापस घर लौट रहा था. जैसे ही वह आरओबी पर दिउलिया के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया.

अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी और घायल युवक को तुरंत नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनीकांत ने बताया कि युवक का एक हाथ और एक पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर व क्षतिग्रस्त है. प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए उच्च केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज हेतु एक निजी अस्पताल ले गए.

आरओबी पर लाइट को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा, जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद आरओबी पर रोशनी की व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास लाइट जल रही थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारकर फरार हुए ट्रैक्टर व उसके चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि छानबीन के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पूरा खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें: गंडक नदी के कटाव से परेशान ग्रामीणों को मिलेगी राहत, मंगलपुर में सांसद ने लिया जायजा, बोल्डर पीचिंग का निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >