Bettiah News: पश्चिम चंपारण के भितहा प्रखंड में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि 24 घंटे में महज तीन से चार घंटे ही बिजली मिल रही है. वह भी लगातार नहीं, बल्कि 10 मिनट से आधे घंटे के अंतराल पर बार-बार कट रही है. इससे आम लोगों के साथ-साथ छात्र, किसान और छोटे कारोबारी सबसे ज्यादा परेशान हैं.
छोटे कारोबारियों को उठाना पड़ रहा नुकसान
अनियमित बिजली आपूर्ति का सबसे अधिक असर बिजली आधारित छोटे व्यवसायों पर पड़ रहा है. वेल्डिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, फोटोस्टेट, साइबर कैफे और अन्य छोटे प्रतिष्ठानों का काम प्रभावित हो रहा है. कारोबारियों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से काम बाधित होता है और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर
गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि रात में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई हो रही है. परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र सबसे अधिक परेशान हैं.
किसानों की बढ़ी चिंता, सिंचाई पर असर
बिजली संकट का असर खेती-किसानी पर भी साफ दिखाई दे रहा है. धान समेत अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है. किसानों का कहना है कि समय पर पटवन नहीं होने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई-कई घंटे तक बिजली गायब रहती है. जब आपूर्ति शुरू होती भी है तो कुछ ही देर में फिर कट जाती है. इससे पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
