स्कूल के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ पड़ी भारी, प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर गिरी निलंबन की गाज

भितहा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रूपही टांड़ की तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुमन प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है. उन पर विद्यालय के अभिलेखों में गंभीर छेड़छाड़ और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप हैं. न्यायालय में सुनवाई के दौरान यह मामला सामने आया था.

Bettiah News: जिला शिक्षा कार्यालय के स्थापना संभाग के डीपीओ अखिल वैभव के न्यायिक आदेश के परिप्रेक्ष्य में जारी आदेश के बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रूपही टांड़, प्रखंड भितहा की तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुमन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उन पर विद्यालय के अभिलेखों में कथित छेड़छाड़, गंभीर प्रशासनिक अनियमितता और नियमों के उल्लंघन के आरोप हैं.

न्यायालय में सुनवाई के दौरान सामने आया मामला

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पश्चिम चंपारण के न्यायालय में लंबित एक मामले की सुनवाई के दौरान विद्यालय के अभिलेखों में कटिंग-छांट का मामला सामने आया था. इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच टीम गठित की गयी.

नामांकन पंजी समेत अन्य रिकॉर्ड में छेड़छाड़ का आरोप

जांच में विद्यालय के नामांकन पंजी सहित अन्य अभिलेखों में कथित तौर पर षड्यंत्रपूर्वक छेड़छाड़ किए जाने का उल्लेख किया गया है. जांच रिपोर्ट में आरोपित को अनुचित लाभ पहुंचाने, घोर लापरवाही तथा बिहार रिकॉर्ड मैनुअल के प्रावधानों के उल्लंघन की बात कही गयी है.

स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर कार्रवाई

विभाग की ओर से शिक्षिका से 5, 7 और 10 जून 2026 को स्पष्टीकरण मांगा गया था. प्राप्त जवाब की समीक्षा के बाद विभाग ने उसे संतोषजनक नहीं माना. इसके बाद बिहार प्रारंभिक विद्यालय प्रधान शिक्षक नियमावली, 2024 एवं बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की गयी.

गौनाहा बीआरसी में रहेगा निलंबन अवधि का मुख्यालय

निलंबन अवधि में सुमन प्रसाद का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, गौनाहा निर्धारित किया गया है. विभाग के आदेश में कहा गया है कि उनके विरुद्ध आरोप-पत्र अलग से निर्गत किया जाएगा. निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता भी देय होगा.

यह भी पढ़ें: बेतिया में 85 दुकानदारों को अतिक्रमण नोटिस, विरोध में सोमवार से मीना बाजार अनिश्चितकालीन बंद


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >