Bettiah Ration Card: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले के सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने मिशन मोड में अभियान शुरू कर दिया है. जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी एसडीएम, बीडीओ और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को 13 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है. कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
23 हजार 447 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि विभाग ने जिले में 23,447 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य तय किया है. अब तक 24,548 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. वर्तमान में जिले के 8.35 लाख से अधिक कार्डधारियों को खाद्यान्न मिल रहा है. नए कार्ड बनने के बाद यह संख्या बढ़कर करीब 8.60 लाख तक पहुंच जाएगी.
अनुमंडलवार लक्ष्य का विवरण:
- बेतिया अनुमंडल: 8,120 नए राशन कार्ड.
- नरकटियागंज अनुमंडल: 7,285 नए राशन कार्ड.
- बगहा अनुमंडल: 7,587 नए राशन कार्ड.
पीडीएस दुकानों से भी कर सकेंगे आवेदन
अभियान को गति देने के लिए सभी प्रखंडों को दैनिक लक्ष्य सौंपा गया है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों की मदद लेने के निर्देश दिए हैं. पात्र लाभुक अपने निकटतम पीडीएस विक्रेता, प्रखंड आपूर्ति कार्यालय या 'स्मार्ट पीडीएस पोर्टल' के जरिए ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: बेतिया: शिक्षा और परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ वामदलों का प्रदर्शन, भाकपा-माले और आइसा ने की संकल्प सभा
