Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बीते 24 घंटे के दौरान 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपितों में उत्पाद अधिनियम के आठ आरोपी भी शामिल हैं. अभियान के दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी, शराब बरामदगी और वाहन जांच अभियान भी चलाया गया.
West Champaran News: 22 वारंटी गिरफ्तार, 18 गैर-जमानती वारंट निष्पादित
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 22 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं 18 गैर-जमानती वारंटों का भी सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया.
36 लीटर विदेशी शराब और दो मोबाइल बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 36 लीटर 300 मिलीलीटर विदेशी शराब जब्त की. इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई.
वाहन जांच में 56 हजार रुपये जुर्माना
यातायात नियमों के पालन को लेकर चलाए गए वाहन जांच अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 56 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई.
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान रहेगा जारी
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सावन की पहली सोमवारी पर गंडक नदी में डूबा 14 वर्षीय किशोर, जल भरने गया था घाट
