Bettiah News: पश्चिम चंपारण पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान कुल 22 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. इनमें 10 आरोपित उत्पाद अधिनियम के मामलों में गिरफ्तार किए गए हैं. पुलिस ने शराब तस्करी, लंबित वारंटों के निष्पादन और वाहन जांच अभियान में भी महत्वपूर्ण कार्रवाई की है.
24 घंटे में 22 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी 22 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इनमें 10 आरोपी उत्पाद अधिनियम से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किए गए हैं.
पांच वारंट और पांच गैर-जमानती वारंट तामील
अभियान के दौरान लंबित मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच वारंटों का निष्पादन किया. इसके अलावा पांच गैर-जमानती वारंट भी तामील किए गए. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा.
284 लीटर विदेशी शराब समेत कई सामान बरामद
अवैध शराब और प्रतिबंधित सामग्री के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 284 लीटर 245 मिलीलीटर विदेशी शराब जब्त की. इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक चाकू, एक गैस सिलेंडर और दो गैस स्टोव भी बरामद किए गए.
वाहन जांच में 91,500 रुपये जुर्माना वसूला
विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 91,500 रुपये जुर्माना वसूला गया. कार्रवाई के क्रम में एक बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया. पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: अब RAC टिकट पर भी नहीं होगी परेशानी, रेलवे ने बदल दिए नियम
