Bettiah Police Action: नरकटियागंज के व्यवसायी से लूटपाट करने वाले 2 अपराधी गिरफ्तार

Bettiah Police Action: चनपटिया पुलिस ने नरकटियागंज के व्यवसायी रमेश कुमार जायसवाल से हुई लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा कर लिया है. 2 अपराधी गिरफ्तार, लूटे गए नकद, मोबाइल और हथियार बरामद.

बेतिया से अजय चौबे की रिपोर्ट

Bettiah Police Action: चनपटिया के कैथवलिया-बरवाचाप रोड में नरकटियागंज के व्यवसायी रमेश कुमार उर्फ मनोज कुमार जायसवाल से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से लूटे गए सामान व हथियार भी बरामद किए गए हैं.

रविवार को चनपटिया थाने में एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी. एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह कामयाबी हासिल की.

लूट की घटना: कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

नरकटियागंज के पुरानी बाजार निवासी व्यवसायी रमेश कुमार जायसवाल शुक्रवार की देर रात पटना से बस द्वारा बेतिया पहुंचे थे.

  • लिफ्ट देकर फंसाया: स्टेशन चौक स्थित जीओ पेट्रोल पंप के पास उन्हें बाइक सवार दो युवक मिले, जिन्होंने नरकटियागंज जाने की बात कही. व्यवसायी भी उनके साथ बाइक पर बीच में बैठ गए.
  • चाकू की नोक पर लूट: रास्ते में चनपटिया के कैथवलिया चौक से बरवाचाप की ओर अपराधियों ने बाइक सुनसान सरेह की तरफ मोड़ दी. छोटी पुलिया के पास अपराधियों ने डायगर (चाकू) का भय दिखाकर व्यवसायी के पॉकेट से 10 हजार रुपये नकद, 2 मोबाइल फोन और एक घड़ी लूट ली.
  • विरोध करने पर अपराधियों ने व्यवसायी के साथ गाली-गलौज व मारपीट भी की. बाद में पीड़ित ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी.

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

एफआईआर दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष अमित कुमार और केस के अनुसंधानकर्ता प्रिंस कुमार ने बेतिया से चनपटिया तक रास्ते में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर शनिवार की रात पुलिस ने मझौलिया थाना के खुटिया गांव में छापेमारी कर दोनों अपराधियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार अपराधियों के नाम:

  1. दिलु महतो (28 वर्ष): निवासी खुटिया विशंभरपुर, मझौलिया.
  2. चंदन पासवान (22 वर्ष): निवासी खुटिया इंदु गांव, मझौलिया.

(एसडीपीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी दिलु महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ जिले के बलथर, मझौलिया, बेतिया नगर एवं कुमारबाग थाने में मद्यनिषेध और लूट के कई मामले पहले से दर्ज हैं.)

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?

अपराधियों के पास से लूटे गए सामान का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है:

  • लूटे गए 10 हजार में से 5 हजार रुपये नकद
  • 5 मोबाइल फोन
  • एक टाइटन घड़ी
  • घटना में इस्तेमाल किया गया डायगर (चाकू) और एक टी-शर्ट

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार, अंचल निरीक्षक मिथिलेश कुमार, चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार, मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार, एसआई प्रिंस कुमार, अनिल कुमार, कुमार विवेकानंद, और प्रदीप कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >