बेतिया: मुख्य सड़क पर हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

Bettiah News: योगापट्टी के पटेरवा चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान में दिक्कत आई, लेकिन पैन कार्ड के आधार पर पुलिस मृतक की शिनाख्त और जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: पश्चिम चम्पारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतिया-नवलपुर मुख्य सड़क पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पटेरवा पेट्रोल पंप और पटेरवा चौक के बीच एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा.

चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, पैन कार्ड से हुई नाम की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची योगापट्टी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. हालांकि, घटनास्थल से बरामद पैन कार्ड के आधार पर मृतक का नाम कलवंत कुमार पंडित बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक बैरिया थाना क्षेत्र का निवासी हो सकता है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

मुख्य सड़क पर लगा घंटों जाम, जांच में जुटी पुलिस

इस हादसे के बाद बेतिया-नवलपुर मुख्य मार्ग पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. पुलिस ने काफी प्रयास के बाद यातायात को सुचारू कराया. मामले को लेकर योगापट्टी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु एसपी कार्तिकेय ए.के. ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और मृतक के पते की सटीक पुष्टि के लिए जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है.

बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >