Bettiah News: सेना में भर्ती होने का जुनून, एसएसबी अधिकारियों ने थरुहट के युवाओं को दिए सफलता के टिप्स

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मैनाटाड़ में एसएसबी अधिकारियों ने थरुहट के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए फिजिकल टिप्स दिए. जय बजरंगबली फिजिकल एकेडमी के बच्चों द्वारा निकाली गई मैराथन दौड़ का उद्देश्य देश सेवा के प्रति जागरूकता फैलाना था. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 44वीं बटालियन एसएसबी के भंगहा बीओपी में सोमवार को देश सेवा का जज्बा देखने को मिला. थरुहट क्षेत्र के रामपुर और आसपास के गांवों के दर्जनों युवक-युवतियों ने सेना में भर्ती होने के संकल्प के साथ मैराथन दौड़ निकाली. यह दौड़ विभिन्न गांवों से होते हुए भंगहा बीओपी पहुँची, जहाँ एसएसबी के अधिकारियों ने गर्मजोशी से युवाओं का स्वागत किया और उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया.

मैराथन के जरिए जागरूकता का संदेश

जय बजरंगबली फिजिकल एकेडमी के बैनर तले आयोजित इस मैराथन दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं में फिटनेस और देश सेवा के प्रति जागरूकता फैलाना था. रामपुर स्थित इस एकेडमी में बिना किसी बाहरी सरकारी सुविधा के करीब 60 से 70 बच्चे रोज सुबह-शाम पसीना बहाते हैं. इन युवाओं का एक ही लक्ष्य है—भारतीय सेना का हिस्सा बनकर थरुहट क्षेत्र का नाम रोशन करना और देश की सीमाओं की रक्षा करना.

एसएसबी अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला

भंगहा बीओपी के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए फौज में भर्ती के लिए जरूरी फिजिकल फिटनेस और तकनीक के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए. वहीं सहायक निरीक्षक किशोर डेका और शिव कुमार पासवान ने एकेडमी के बच्चों के जोश की सराहना की. अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिश्रम और सही दिशा में की गई तैयारी ही सफलता की कुंजी है. उन्होंने युवाओं को अनुशासित रहकर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया.

बिना संसाधनों के संवर रहा भविष्य

एकेडमी के ट्रेनर अरविंद कुमार और सरोज कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत है. इस मौके पर चौधरी स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष रोहित चौधरी, कोच जय सुब्बा सहित एसएसबी के मुख्य आरक्षी बीरा बाबु, दीपक कुमार और शिवशंकर मौजूद रहे. इस पहल से सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं में एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है.

बेतिया के  मैनाटांड़ से रंजीत कुमार पटेल की रिपोर्ट 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >