Bettiah News: वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने शनिवार की शाम पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान सांसद ने क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्हें एक मांग पत्र सौंपा.
शास्त्रीनगर-बेलवनिया पुल और मदनपुर-पनीयहवा सड़क निर्माण की मांग
सांसद सुनील कुमार ने क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शास्त्रीनगर-बेलवनिया पुल तथा मदनपुर-पनीयहवा सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और सीमावर्ती इलाकों के विकास को गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग और पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन से रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार को इसका प्रस्ताव भेजा जाएगा.
वाल्मीकिनगर में जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना की वकालत
सांसद ने वाल्मीकिनगर में मध्यप्रदेश, राजस्थान और आंध्रप्रदेश की तर्ज पर एक जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना की भी मांग की. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के जनजातीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे. विश्वविद्यालय खुलने से शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस प्रस्ताव पर भी गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है.
बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
