Bettiah News: बगहा अनुमंडल क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी किल्लत से किसान त्रस्त हैं. किसान खाद के लिए विभिन्न गोदामों और उर्वरक दुकानों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल पा रही है. इस बीच कई उर्वरक विक्रेताओं पर कालाबाजारी और जमाखोरी के गंभीर आरोप लगने लगे हैं. प्रशासन की ओर से लगातार चेतावनी दिए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है.
कालाबाजारी का आरोप, दलालों के जरिए बिक रही खाद
ताजा मामला बगहा-दो प्रखंड के पंचायत राज लक्ष्मीपुर-रमपुरवा स्थित लक्ष्मीपुर चौक का है. यहां के एक उर्वरक विक्रेता पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. दर्जनों किसानों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) अभिषेक कुमार को आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि एसडीएम बगहा, डीएम बेतिया, जिला कृषि पदाधिकारी और वाल्मीकिनगर थाना को भी भेजी गई है. किसानों का आरोप है कि सरकारी निर्धारित दर 266.50 रूपये प्रति बोरी वाली यूरिया खाद को दलालों के माध्यम से 470 से 500 रूपया तक में बेचा जा रहा है.
ब्लैक में बेची जा रही यूरिया, किसानों ने बनाया वीडियो
जितेश कुमार सिंह, अनमोल कुमार और विनोद यादव समेत करीब दो दर्जन किसानों के हस्ताक्षर वाले आवेदन में कहा गया है कि आम किसानों को खाद स्टॉक में नहीं होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है. वहीं, सुबह और शाम के समय गुप्त रूप से अधिक कीमत पर यूरिया बेची जाती है. किसानों ने दावा किया कि 14 मई की सुबह करीब छह बजे दुकान संचालक को ब्लैक में यूरिया बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसका वीडियो और फोटो साक्ष्य के रूप में जांच के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
