Bettiah: जेल से बाहर आते ही फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात रानू सिंह, साठी पुलिस की बड़ी सफलता

Bettiah News: बेतिया के साठी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस ने छापेमारी कर कुख्यात हथियार तस्कर रानू सिंह को हिरासत में लिया है. टेक्निकल सेल की मदद से हुई इस कार्रवाई के बाद बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है. पढे़ं पूरी खबर…

Bettiah News: पश्चिम चम्पारण के साठी थाना क्षेत्र अंतर्गत लछनौता गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने कुख्यात हथियार तस्करी के आरोपी रानू सिंह को हिरासत में लिया है. टेक्निकल सेल की मदद से की गई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. चर्चा है कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार भी बरामद किए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है.

जेल से बाहर आते ही फिर पुलिस के रडार पर

सूत्रों के अनुसार, रानू सिंह का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है और वह पहले भी हथियार तस्करी के कई गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है. हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद से ही वह पुलिस की रडार पर था. पुलिस की स्पेशल टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी. देर रात जब पुलिस की टीम लछनौता गांव पहुंची, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

बड़े नेटवर्क का हो सकता है खुलासा

फिलहाल पुलिस रानू सिंह को गुप्त स्थान पर रखकर गहन पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से हथियार तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट और नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है. पुलिस उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य संपर्कों को भी खंगाल रही है. घटना के बाद लछनौता और आसपास के गांवों में पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है. इस मामले में पुलिस प्रशासन जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट कर सकता है.

बेतिया के साठी से कृष्ण कुमार राय की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >