Bettiah News: राज की जमीन पर बड़ा एक्शन: 1500 अतिक्रमणकारियों पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने कसी कमर

Bettiah News: राज की जमीन पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं. प्रशासन ने 1500 अतिक्रमणकारियों की लिस्ट तैयार कर ली है. जल्द ही मीना बाजार, जयप्रकाश नगर और मझौलिया समेत कई इलाकों में बुलडोजर अभियान शुरू होगा. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News:पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण में बेतिया राज की बेशकीमती जमीन पर अवैध कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई होने जा रही है. राजस्व परिषद की अपर सदस्य डॉ. आशिमा जैन की बेतिया यात्रा और मोतिहारी व बेतिया के जिलाधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है. करीब 1500 चिन्हित अतिक्रमणकारियों की सूची अंचलाधिकारियों को भेज दी गई है और जल्द ही प्रशासन का बुलडोजर गर्जना शुरू करेगा.

शहर के इन इलाकों में मचेगी हलचल

प्रशासनिक सूची के अनुसार सबसे अधिक अतिक्रमण बेतिया शहर में पाया गया है. यहाँ करीब 660 अतिक्रमणकारी चिन्हित किए गए हैं. इनमें आईटीआई जयप्रकाश नगर में 300, मीना बाजार और विश्वामित्र मार्केट में 202, जबकि बेतिया राज कंपाउंड और लाल बाजार में 100 से अधिक कब्जेधारी शामिल हैं. इसके अलावा मझौलिया में 200, नरकटियागंज में 150 और चनपटिया में 100 अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है.

सीओ को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बेतिया राज के प्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी अंचलाधिकारियों को बेतिया राज का उप प्रबंधक नामित किया गया है. उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए सभी जरूरी कानूनी शक्तियां प्राप्त हैं. इस आदेश के बाद अब बाजारों और कॉलोनियों में हड़कंप मचा हुआ है.

सरकारी जमीन मुक्त कराने की बड़ी पहल

दशकों से कब्जा जमाए लोगों में जहां चिंता है, वहीं आम जनता इसे सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में एक साहसिक कदम मान रही है. बेतिया राज की जमीनों को खाली कराकर उसे सरकारी विकास कार्यों के उपयोग में लाने की योजना है.

बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >