बेतिया : प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में एनसीसी यूनिट का शुभारंभ, छात्राओं में उत्साह

Bettiah News: बगहा के प्लस टू सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में एनसीसी 25वीं बटालियन मोतिहारी यूनिट की शुरुआत हुई. कमांडिंग ऑफिसर सुरेन कुमार पाण्डेय ने छात्राओं को अनुशासन और देश सेवा के लिए प्रेरित किया. पढ़ें पूरी खबर…

Bettiah News: शहर के बगहा दो स्थित प्लस टू सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पटखौली में एनसीसी 25वीं बटालियन मोतिहारी यूनिट का भव्य शुभारंभ किया गया. इस ऐतिहासिक पल को लेकर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि कमांडिंग ऑफिसर सुरेन कुमार पाण्डेय और विद्यालय की संस्थापिका प्रतिमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और मनमोहक स्वागत गीत गाकर किया. समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया.

सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिलेंगे बेहतर अवसर: कमांडिंग ऑफिसर

समारोह को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर सुरेन कुमार पाण्डेय ने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने छात्राओं से एनसीसी से जुड़कर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने जोर देकर कहा कि एनसीसी के माध्यम से छात्राओं को भारतीय सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है. छात्राओं ने भी इसे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया.

एनसीसी कैडेट्स को सरकारी नौकरियों में मिलेगा विशेष लाभ

विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे विद्यालय में एनसीसी यूनिट की शुरुआत होना बेहद गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि एनसीसी कैडेट्स को आगे चलकर सरकारी नौकरियों में विशेष वरीयता और लाभ मिलता है. इसके साथ ही इससे जुड़ने वाली छात्राएं शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनती हैं. इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफल आयोजन पर खुशी जाहिर की.

बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >