बेतिया: आम लोगों को राहत, बिजली बिल से बैंकिंग विवाद तक का लोक अदालत में होगा समाधान

Bettiah News: बेतिया की स्थायी लोक अदालत में अब बिजली, पानी, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का आसान समाधान होगा. आम लोगों को कम खर्च और कम समय में त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है. पढे़ं पूरी खबर…

बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट

Bettiah News: अब बिजली, पानी, बैंकिंग और दूसरी जनोपयोगी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए लोगों को अदालतों के लंबे चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित सिविल कोर्ट परिसर में संचालित स्थायी लोक अदालत आम नागरिकों को कम खर्च और कम समय में न्याय दिलाने का काम कर रही है. यहां मामलों का निपटारा आपसी समझौते और मध्यस्थता के जरिए तेजी से किया जा रहा है.

एडीआर बिल्डिंग में चल रही स्थायी लोक अदालत

लोगों की सुविधा को देखते हुए स्थायी लोक अदालत का संचालन सिविल कोर्ट परिसर के नए एडीआर भवन में किया जा रहा है. यहां पीड़ित व्यक्ति सीधे आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. अदालत का मकसद आम लोगों को सरल और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है.

बिजली और पानी से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई

स्थायी लोक अदालत में बिजली और जलापूर्ति से जुड़ी कई समस्याओं की सुनवाई की जा रही है. इसमें गलत बिजली बिल, बार-बार बिजली कटना, ट्रांसफॉर्मर बदलने में देरी, पानी की सप्लाई बाधित होना और दूषित पानी मिलने जैसी शिकायतें शामिल हैं.

बैंकिंग, बीमा और परिवहन सेवाएं भी दायरे में

बैंकिंग ट्रांजैक्शन में गड़बड़ी, लोन स्वीकृति में देरी और बीमा क्लेम नहीं मिलने जैसे मामलों की भी सुनवाई यहां की जा रही है. इसके अलावा परिवहन सेवाओं में लापरवाही, टिकट होने के बावजूद सीट नहीं मिलना और यात्रा के दौरान सामान चोरी होने जैसे मामले भी यहां सुने जाते हैं.

स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं से जुड़े मामलों पर भी फोकस

सरकारी अस्पतालों में इलाज में देरी, दवा की कमी, नाला जाम, खराब स्ट्रीट लाइट और आवास योजनाओं में अनियमितता जैसी शिकायतों का समाधान भी स्थायी लोक अदालत के माध्यम से किया जा रहा है.

आम लोगों को मिल रही बड़ी राहत

स्थायी लोक अदालत में मामलों का समाधान सामान्य अदालतों की तुलना में जल्दी और आसान प्रक्रिया के तहत किया जाता है. यदि किसी सरकारी विभाग में शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही है, तो लोग यहां आवेदन देकर त्वरित राहत पा सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >