Bettiah News: मैनाटांड प्रखंड क्षेत्र के सिंगासनी, बेलवाडीह, इनरवा, भंगहा समेत दर्जनों गांवों में इन दिनों नीलगायों का आतंक किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. झुंड में आने वाली नीलगाय खेतों में लगी गन्ना, मक्का और सब्जियों की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर रही हैं. शाम ढलते ही नीलगायों का झुंड खेतों में धावा बोल देता है, जिससे किसानों की रात की नींद उड़ गई है.
मक्का और गन्ना की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान
स्थानीय किसान राजन कुमार पांडे, धर्मेश कुशवाहा और बब्लू कुमार मौर्या ने बताया कि भारी लागत और कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसलें अब बर्बादी की कगार पर हैं. पहले नीलगाय कभी-कभार दिखती थीं, लेकिन अब वे बड़े झुंडों में आकर फसलों को चट कर रही हैं. किसानों को रात-रात भर जागकर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है, फिर भी नुकसान रोकना मुश्किल हो रहा है. खेती ही आय का मुख्य साधन होने के कारण किसानों को भारी आर्थिक संकट का डर सता रहा है.
वन विभाग से मुआवजा और सुरक्षा की मांग
परेशान ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की अपील की है. किसानों का कहना है कि अगर नीलगायों से सुरक्षा का उपाय नहीं किया गया, तो उन्हें इस सीजन में भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ेगा. इसके साथ ही पीड़ित किसानों ने प्रशासन से बर्बाद हुई फसलों के उचित मुआवजे की भी मांग की है.
बेतिया के इनरवा से अमित सागर की रिपोर्ट
