Bettiah News: प्रखंड कार्यालय से पिछले कई दिनों से गायब सरकारी जनरेटर प्रशासनिक दबाव के बाद आखिरकार रातों-रात वापस पहुंच गया है. बुधवार को प्रखंड कार्यालय से सरकारी जनरेटर गायब होने का मामला मीडिया की सुर्खियों में छाया रहा था. इसके बाद जैसे ही बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस मामले में सघन जांच-पड़ताल शुरू की, संबंधित कर्मियों में हड़कंप मच गया.
अधिकारियों के उड़े होश, बढ़ा प्रशासनिक दबाव
कार्यालय से सरकारी संपत्ति के गायब होने की भनक जब जिला स्तर के उच्च अधिकारियों को लगी, तो सबके होश उड़ गए. इसके बाद ऊपर से बढ़े प्रशासनिक दबाव का ही असर रहा कि चोरों या संलिप्त कर्मियों को रातों-रात जनरेटर वापस प्रखंड कार्यालय परिसर में लाकर छोड़ना पड़ा. हालांकि, इस पूरे मामले में प्रखंड कार्यालय के किन कर्मियों की संलिप्तता है, इसकी गहराई से जांच की जा रही है.
लौटकर आए जनरेटर ने खड़े किए नए सवाल, कई पार्ट्स गायब
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे रोचक और चौंकाने वाली बात यह है कि रातों-रात जो जनरेटर कार्यालय परिसर में गिराया गया है, वह पहले वाले मूल जनरेटर से काफी अलग दिख रहा है. इतना ही नहीं, परिसर में लाकर रखे गए इस जनरेटर के अधिकांश महत्वपूर्ण पार्ट्स भी गायब हैं, जो अब पूरे इलाके में भारी चर्चा और कौतूहल का विषय बना हुआ है.
पुराने और नए जनरेटर की कड़ियों को जोड़ने में जुटी पुलिस
फिलहाल, गायब हुए पुराने जनरेटर और रातों-रात गुपचुप तरीके से गिराए गए इस नए जनरेटर के हुलिए व पार्ट्स की तकनीकी जांच चल रही है. बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं ताकि सरकारी संपत्ति की चोरी करने और सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने वाले असली चेहरों को बेनकाब किया जा सके.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
