Bettiah News: शहर के वार्ड संख्या-3 स्थित पानी टंकी मोहल्ले में बुधवार देर रात कपड़ा धोने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक हिंसक झड़प में बदल गया. इस खूनी मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में एक छह महीने की गर्भवती महिला भी शामिल है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
एक ही मकान के दो किरायेदार आपस में भिड़े
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही मकान में किरायेदार के रूप में रहते हैं. देर रात कपड़ा धोने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर लाठी-डंडों तक पहुंच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने प्लंबर पाइप और घर में रखे अन्य सामानों से एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
गर्भवती के पेट पर किया हमला, पति का सिर फटा
इस हिंसक झड़प में एक पक्ष की छह माह की गर्भवती महिला रागिनी गंभीर रूप से घायल हो गई. आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके साथ बेरहमी की गई और उसके पेट पर सीधा हमला किया गया, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई. वहीं, बीच-बचाव करने आए उसके पति विक्की के सिर पर भी गंभीर चोट आई है. दूसरी तरफ से अब्बूबकर और अंगूरी खातून भी इस मारपीट में जख्मी हुए हैं.
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अफरोज ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. इधर, सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
