Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में आवारा कुत्तों के आतंक ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. लौरिया थाना क्षेत्र के बेलवा गांव के पास कुत्तों के झुंड के हमले के कारण बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान नरकटियागंज चीनी मिल के डिस्टिलरी डिवीजन में कार्यरत धर्मेंद्र श्रीवास्तव की पत्नी निक्की कुमारी (42) के रूप में हुई है.
मायके से लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निक्की कुमारी अपने पति धर्मेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके लाकड़ गांव से नरकटियागंज लौट रही थीं. जैसे ही उनकी बाइक बेलवा गांव के समीप पहुंची, अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उन पर हमला कर दिया. कुत्तों से बचने की कोशिश में बाइक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई. इस हादसे में निक्की कुमारी को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गईं.
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया. चीनी मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस असामयिक मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
इलाके में कुत्तों का बढ़ता आतंक
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अकेले चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कुत्तों पर नियंत्रण पाने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
