Bettiah News: चंपारण क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं की मांग को लेकर अब जनता ने मोर्चा खोल दिया है. बेतिया, नरकटियागंज और मोतिहारी के रेल यात्रियों ने संयुक्त रूप से एक बड़ा सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया है. इस अभियान के जरिए रेल मंत्रालय से नई ट्रेनों के परिचालन और पुरानी ट्रेनों के विस्तार की पुरजोर मांग की जा रही है.
बेतिया-पटना इंटरसिटी: चंपारण की सबसे बड़ी जरूरत
अभियान में सबसे प्रमुख मांग बेतिया-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू करने की है. यात्रियों का कहना है कि राजधानी पटना से सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी न होने के कारण शिक्षा, चिकित्सा और व्यवसाय के लिए जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. रक्सौल-सीतामढ़ी मार्ग से नरकटियागंज और बेतिया होते हुए पटना तक नई ट्रेन चलाने की अपील की गई है.
दिल्ली-मुंबई के लिए सुपरफास्ट कनेक्टिविटी की मांग
चंपारण के लोग अब केवल साधारण ट्रेनों तक सीमित नहीं रहना चाहते. मांग पत्र में मोतिहारी-बेतिया से आनंद विहार (दिल्ली) के बीच वंदे भारत स्लीपर चलाने की मांग की गई है. साथ ही, मुंबई और पुणे में कार्यरत बड़ी संख्या में प्रवासियों की सुविधा के लिए बेतिया-नरकटियागंज से दैनिक सुपरफास्ट ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया गया है.
ट्रेनों का विस्तार और वाशिंग पिट निर्माण
अभियान के तहत कई ट्रेनों के विस्तार की भी सूची सौंपी गई है:
कोलकाता-सीतामढ़ी एक्सप्रेस और बापूधाम-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस का विस्तार नरकटियागंज तक हो.
रक्सौल-दरभंगा डेमू को नरकटियागंज तक चलाया जाए.
नरकटियागंज रेलवे यार्ड में वाशिंग पिट का निर्माण जल्द पूरा हो, ताकि नई ट्रेनों के रखरखाव में आसानी हो.अभियान से जुड़े राहुल कुमार श्रीवास्तव एवं अन्य लोगों का कहना है कि चंपारण और नेपाल सीमा से जुड़े इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को लंबे समय से रेलवे ने नजरअंदाज किया है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
