बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया. बसंतपुर एसएसबी कैंप के समीप भलुवाहिया गांव में मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की दबकर मौत हो गई. मृतक की पहचान बसंतपुर गांव निवासी शेख गजनवी के 22 वर्षीय पुत्र शेख सद्दाम के रूप में की गई है.
मिट्टी गिराने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शेख सद्दाम ट्रैक्टर से स्थानीय लोगों के यहाँ मिट्टी गिराने का काम कर रहा था. सोमवार को भलुवाहिया गांव के समीप से गुजरने के दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रॉली समेत पलट गई. इस दौरान सद्दाम ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए.
अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला और तत्काल मैनाटांड अस्पताल पहुँचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच (GMCH) बेतिया रेफर कर दिया. परिजनों ने बताया कि बेतिया ले जाने के रास्ते में ही सद्दाम की सांसें थम गईं. अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
सद्दाम की मौत की खबर जैसे ही बसंतपुर गांव पहुँची, वहां मातम छा गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सद्दाम अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है.
