Bagaha News: बगहा पुलिस जिला के भीतहा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है और कुल 26.4 लीटर देसी शराब बरामद की है. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
रेडहां गांव से तस्कर सद्दाम गिरफ्तार
थानाध्यक्ष अभिलाष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेडहां गांव में छापेमारी की.यहाँ से पुलिस ने सद्दाम अंसारी नामक एक कारोबारी को धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से ‘बंटी-बबली’ ब्रांड की 42 पीस देसी शराब बरामद हुई. प्रत्येक बोतल 200 एमएल की थी, जिसकी कुल मात्रा 8.4 लीटर है. पुलिस ने भीतहा थाना कांड संख्या 99/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में बगहा जेल भेज दिया है.
मछहा गांव में लावारिस हालत में मिली शराब
कार्रवाई के दूसरे चरण में पुलिस ने मछहा गांव में देर रात छापेमारी की.यहाँ पुलिस को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. हालांकि, मौके से पुलिस ने लावारिस हालत में 90 पीस बंटी-बबली ब्रांड की देसी शराब बरामद की है. इसकी कुल मात्रा 18 लीटर आंकी गई है. इस मामले में कांड संख्या 100/26 दर्ज कर फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
जारी रहेगा अभियान
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों और संभावित ठिकानों पर पुलिस की गश्ती तेज कर दी गई है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
