बेतिया के नरकटियागंज से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah News: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच गाड़ी संख्या 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री कार से 42.165 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. विशेष जांच अभियान के दौरान पैंट्री मैनेजर समेत चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है.
पैंट्री मैनेजर के केबिन से मिली सबसे अधिक शराब
गुरुवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान पैंट्री कार मैनेजर के केबिन की तलाशी ली गई. जांच में पैंट्री मैनेजर संतोष शाह के कब्जे से 750 एमएल की 31 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. वहीं पैंट्री मैन राज कुमार के पास से 750 एमएल की 24 बोतल शराब मिली.
दो सफाई कर्मियों के पास से भी मिली शराब
जांच के दौरान सफाई कर्मी गोविंद कुमार के पास से 180 एमएल की दो बोतल और सफाई कर्मी रिकी कुमार के कब्जे से तीन बोतल विदेशी शराब बरामद की गई. कुल 60 बोतल विदेशी शराब, जिसकी मात्रा 42.165 लीटर है, जब्त की गई.
ट्रेन की पैंट्री कार से तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद शराब कहां से लाई गई और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
