नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
Bettiah News: नरकटियागंज में रेलवे के बहुप्रतीक्षित वाशिंग पिट निर्माण की दिशा में कदम आगे बढ़ गए हैं. नंदपुर खोड़ी से लेकर पकड़ी तक रेलवे की भूमि पर सॉइल टेस्टिंग (मिट्टी जांच) का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है. इस परियोजना के पूर्ण होने से नरकटियागंज जंक्शन पर ट्रेनों की सफाई और रखरखाव की आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी, जिसे रेल प्रशासन की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
मेंटेनेंस की सुविधा और बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
वाशिंग पिट बनने के बाद ट्रेनों की धुलाई, तकनीकी जांच और मेंटेनेंस के लिए अब दूसरे बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना होगा. इससे न केवल ट्रेनों के परिचालन में तेजी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है. निर्माण एजेंसी फिलहाल मिट्टी की गुणवत्ता की जांच कर रही है, ताकि संरचना का निर्माण मजबूती के साथ किया जा सके.
आलीशान भवनों और रास्तों पर मंडराया संकट
विकास की इस लहर के साथ ही इलाके में विवाद की स्थिति भी गहराने लगी है. बताया जा रहा है कि वार्ड संख्या 4 नंदपुर में रेलवे की जमीन पर कई आलीशान बिल्डिंगें खड़ी कर दी गई हैं. इतना ही नहीं, इन भवनों तक पहुँचने का रास्ता भी रेलवे की भूमि पर ही बना लिया गया है. अब वाशिंग पिट का निर्माण शुरू होने से इन भवनों का रास्ता बंद होने की पूरी आशंका है, जिससे रसूखदारों में बेचैनी बढ़ गई है.
अतिक्रमण पर चलेगा रेलवे का ‘डंडा’
रेलवे सुरक्षा मानकों के तहत अब अतिक्रमित भूमि को खाली कराने की तैयारी में है. वर्षों से रेलवे की जमीन पर कब्जा जमाए लोगों को नोटिस मिलने की संभावना है. निर्माण कार्य शुरू होते ही रेलवे की घेराबंदी होगी, जिससे दर्जनों मकानों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है. फिलहाल, सॉइल टेस्टिंग के साथ ही पूरे इलाके में इस प्रोजेक्ट और इसके असर को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.
