Bettiah News: पश्चिम चंपारण से एक बड़ी खबर सामने आई है. पीएम पोषण योजना (मध्याह्न भोजन योजना) मद में वर्षों पुराने लंबित भुगतान और अनुग्रह अनुदान दिलाने के नाम पर जिलाभर में की जा रही अवैध उगाही की शिकायतों को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है. एमडीएम की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) कुमकुम पाठक ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्यालय आदेश जारी किया है.
डिमांड राशि के नाम पर वसूली का भ्रामक प्रचार, डीपीओ ने दी चेतावनी
डीपीओ कुमकुम पाठक ने स्पष्ट किया है कि कुछ असामाजिक और कतिपय तत्वों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि जिला कार्यालय में ‘डिमांड राशि’ का कुछ प्रतिशत देने के बाद ही निदेशालय स्तर से भुगतान भेजा जाएगा. उन्होंने इस बात को पूरी तरह निराधार, मिथ्या और विभागीय छवि को धूमिल करने वाला बताया है. डीपीओ ने कड़ा निर्देश दिया है कि यदि इस प्रकार के किसी भी भ्रष्टाचार, दलाली या अवैध मांग से संबंधित प्रमाण मिलते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और सीधे प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी.
शिकायत के लिए डीपीएम का मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जारी
भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए डीपीओ ने पीएम पोषण योजना के डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (डीपीएम) विनीत कुमार का मोबाइल नंबर 8521248551 और जिला कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी mdmbettiah@gmail.com को सार्वजनिक किया है. उन्होंने सभी प्रखंड साधनसेवियों, विद्यालय प्रधानों और योजना से जुड़े कर्मियों को ऐसे बिचौलियों से सतर्क रहने तथा अवैध मांग किए जाने पर तुरंत साक्ष्य के साथ शिकायत दर्ज कराने की अपील की है.
बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट
