Bettiah News: नगर के लाल बाजार उप डाकघर के प्रीपेड स्मार्ट मीटर से संबंधित 38 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल आने से डाक विभाग में सनसनी फैल गई है. मई 2026 के लिए जारी इस बिजली बिल में उपभोक्ता संख्या 402338339 के प्रीपेड स्मार्ट मीटर की कनेक्शन तिथि 16 मई 2024 दर्ज है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस बिल में मई 2026 तक का वास्तविक ऊर्जा शुल्क मात्र 2,347.08 रुपये दर्शाया गया है, जबकि विलंब अधिभार शुल्क 2,65,309.93 रुपये और अन्य अधिभार के रूप में 35,35,887.10 रुपये जोड़ दिए गए हैं. इस तरह प्रीपेड मीटर वाले इस कनेक्शन का कुल बिल 38,03,544.11 रुपये दिखाया गया है.
डाक विभाग का दावा: 2023 तक नहीं था कोई कनेक्शन, जनरेटर से चलता था काम
कार्यालय अभिलेखों के आधार पर डाक अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि लाल बाजार उप डाकघर वर्तमान वाले नए भवन में 15 जुलाई 2011 से संचालित है. तत्कालीन डाक अधीक्षक द्वारा विद्युत अभियंता को जून 2023 में लिखे पत्र के अनुसार, तब तक वहां कोई बिजली कनेक्शन नहीं था और डाकघर की व्यवस्था जनरेटर से चलती थी. काफी पत्राचार के बाद मई 2024 में प्रीपेड स्मार्ट मीटर वाला नया कनेक्शन मिला, जिसे हर महीने करीब दो-दो हजार रुपये से रिचार्ज कराया जा रहा था. फरवरी 2026 में बिजली कंपनी द्वारा कनेक्शन काटने तक आपूर्ति जारी थी. ऐसे में 38 लाख से अधिक का बिल आना वास्तविकता से परे है.
पुराने बकाए को जोड़ने से बढ़ी राशि, जांच में जुटे अधिकारी
डाक अधीक्षक ने बताया कि बिजली विभाग के आधिकारिक डिमांड में लाल बाजार उप डाकघर के एक पुराने कनेक्शन (उपभोक्ता संख्या 400354964) का भी जिक्र है, लेकिन उससे संबंधित परिसर का कोई विवरण नहीं दिया गया है. इसके लिए सहायक डाक अधीक्षक को जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है. इधर, बिजली आपूर्ति डिविजन के कार्यपालक अभियंता मनीष शाक्य ने बताया कि जारी बिल में पुराने बिजली कनेक्शन पर हुई आपूर्ति मद के बकाए को भी जोड़ा गया है, जिससे राशि बड़ी हुई है. इसकी विस्तार से जानकारी डाक विभाग के अधिकारियों को स्पीड पोस्ट से भेज दी गई है.
बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट
