बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के प्रभारी मंत्री और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन आज वाल्मीकिनगर पहुंच रहे हैं. उनके दौरे को जिले की विकास योजनाओं और आपदा तैयारियों की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है. दौरे के दौरान मंत्री विभिन्न योजनाओं का जमीनी निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करेंगे.
विकास योजनाओं की होगी पड़ताल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री सबसे पहले विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे. इस दौरान वे योजनाओं की वास्तविक स्थिति, कार्य की गुणवत्ता और आम लोगों को मिलने वाले लाभ का जायजा लेंगे. इसके बाद वाल्मीकिनगर कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी.
अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, लंबित परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी. प्रभारी मंत्री अधिकारियों से जमीनी स्तर की रिपोर्ट लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे. समीक्षा बैठक के बाद दोपहर करीब 12:45 बजे वे मीडिया से भी बातचीत करेंगे.
पहले भी दिए थे सख्त निर्देश
गौरतलब है कि 11 जून को बेतिया में आयोजित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की बैठक में मंत्री ने विकास कार्यों में तेजी लाने और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया था. उन्होंने योजनाओं को समय पर पूरा करने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था.
बाढ़ तैयारियों पर भी रहेगा फोकस
हाल ही में हुई आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने संभावित बाढ़ को लेकर तैयारियों की समीक्षा की थी. उन्होंने तटबंधों, स्परों और फ्लड कंट्रोल से जुड़े कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए थे. ऐसे में वाल्मीकिनगर दौरे के दौरान इन निर्देशों की प्रगति पर भी विशेष नजर रहने की संभावना है.
