Bettiah News: शहर के इमली चौक से नौतन रोड जाने वाली मुख्य सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं. सोमवार की दोपहर इस जर्जर सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब एक तेज रफ्तार बैट्री चालित ई-रिक्शा सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त चालक और सवारियों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई.
आए दिन हो रहे हादसे, जलजमाव से बढ़ी परेशानी
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मुख्य सड़क पर पिछले काफी लंबे समय से जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं. इन गड्ढों के कारण इस मार्ग पर आए दिन ई-रिक्शा, बाइक और अन्य छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट रहे हैं. स्थिति तब और अधिक नारकीय और खतरनाक हो जाती है, जब हल्की बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाता है. जलजमाव होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता है.
नगर निगम से मरम्मत की मांग, आंदोलन की चेतावनी
सड़क की इस बदहाली से नाराज स्थानीय नागरिकों ने बेतिया नगर निगम प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि इस जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और इसका कोई स्थायी तकनीकी समाधान निकाला जाए. स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो कभी भी किसी की जान जा सकती है. जनहित को देखते हुए लोगों ने शीघ्र कार्य शुरू कराने की अपील की है.
बेतिया से मधुकर मिश्रा की रिपोर्ट
