बेतिया से आलोक अगस्टीन की रिपोर्ट
Bettiah News: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) के बर्न वार्ड में भर्ती मरीज इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं. एक तरफ शरीर की जलन का दर्द और दूसरी तरफ भीषण गर्मी ने उनकी स्थिति नारकीय बना दी है. अस्पताल के सी-ब्लॉक स्थित पांचवीं मंजिल पर बने बर्न वार्ड में पिछले दस दिनों से एसी सिस्टम खराब पड़ा है. आलम यह है कि दोपहर की चिलचिलाती धूप में वार्ड तवे की तरह तप रहा है और गंभीर रूप से झुलसे मरीज ठंडी हवा के लिए तरस रहे हैं.
हाथ के पंखे के सहारे मरीज के परिजन
12 बेड वाले इस वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजन खुद हाथ से पंखा झेलकर उन्हें राहत देने की कोशिश कर रहे हैं. सबसे ऊपरी मंजिल होने के कारण तापमान काफी बढ़ जाता है. मरीजों का कहना है कि एसी बंद होने से उमस और घबराहट बढ़ गई है. वार्ड में लगे दोनों एसी शो-पीस बनकर रह गए हैं. परिजनों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बावजूद अस्पताल प्रबंधन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है.
संक्रमण का खतरा और डॉक्टरों की चिंता
चिकित्सकों के अनुसार, जलने वाले मरीजों के लिए नियंत्रित तापमान और ठंडी हवा बेहद जरूरी होती है ताकि संक्रमण से बचा जा सके. एसी खराब होने से घावों में जलन और परेशानी और बढ़ सकती है. इधर, अस्पताल सूत्रों का कहना है कि सर्विसिंग के अभाव में एसी ने कूलिंग करना बंद कर दिया है. मझौलिया से आए मरीजों के परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो मरीजों की हालत और बिगड़ सकती है.
व्यवस्था जल्द दुरुस्त होने का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि बर्न वार्ड के एसी खराब होने की सूचना मिली है. उन्होंने बताया कि तकनीकी जांच कराकर जल्द ही इसे चालू करवा दिया जाएगा. साथ ही, स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे मरीजों की विशेष निगरानी करें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने दें.
