बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
Bettiah News: पश्चिम चंपारण में आज समाहरणालय का दिन काफी व्यस्त रहने वाला है. जिलाधिकारी तरणजोत सिंह जिले से जुड़े कई अहम मुद्दों और योजनाओं की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे. अलग-अलग विभागों को बैठक के लिए जरूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
कई समितियों की होगी समीक्षा बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी जिला टास्क फोर्स की बैठक करेंगे. इसके अलावा जिला गंगा समिति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन समिति, आर्द्र भूमि समिति और जिला पर्यावरण समिति की बैठकों में भी विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की जाएगी.
आम लोगों की शिकायतों पर भी होगी चर्चा
बैठक में आमजनों से मिली शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. साथ ही न्यायालय से जुड़े लंबित मामलों और विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी.
नगर निकाय और विकास योजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना समेत नगर निकायों में चल रही विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी. स्वास्थ्य विभाग के कार्यों और विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन की प्रगति भी समीक्षा के दायरे में रहेगी.
विश्वकर्मा और लघु उद्यमी योजना पर चर्चा
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत जिला कार्यान्वयन समिति की बैठक भी आयोजित होगी. वहीं बिहार लघु उद्यमी योजना की अनुश्रवण समिति भी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेगी. जिला कल्याण कार्यालय के कार्यों के अलावा समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित आवासीय परिसरों और बुनियाद केंद्रों से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी.
