बेतिया से अजय चौबे की रिपोर्ट
Bettiah News: चनपटिया प्रखंड की चुहड़ी पंचायत में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्था को लेकर लाभुकों में नाराजगी बढ़ गई है. शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्डधारकों ने चुहड़ी बाजार के जन वितरण विक्रेता पर तय मात्रा से कम राशन देने का आरोप लगाया. लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से प्रति यूनिट पांच किलो अनाज देने का प्रावधान है, लेकिन उन्हें लगातार कम राशन दिया जा रहा है.
लाभुकों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लाभुक लल्लू साह, सोनू कुमार, ललिता देवी, दिनेश साह और अजय कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि डीलर प्रति सदस्य पांच किलो की जगह केवल साढ़े चार किलो अनाज दे रहे हैं. उनका आरोप है कि जब कोई उपभोक्ता कम राशन मिलने का विरोध करता है तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और उसे डांटकर भगा दिया जाता है.
पहले बायोमेट्रिक, फिर कम राशन
लाभुकों का कहना है कि दुकान पर पहुंचते ही उनका बायोमेट्रिक सत्यापन पॉश मशीन से कर लिया जाता है. इसके बाद राशन वितरण के समय निर्धारित मात्रा से कम अनाज तौलकर दिया जाता है. इससे गरीब परिवारों को हर महीने नुकसान उठाना पड़ रहा है.
कई परिवारों ने बताई अपनी परेशानी
सोनू कुमार और ललिता देवी ने बताया कि उनके राशन कार्ड में पांच सदस्यों का नाम दर्ज है. नियमानुसार उन्हें 25 किलो अनाज मिलना चाहिए, लेकिन हर महीने केवल 22.5 किलो राशन दिया जाता है. वहीं दिनेश साह ने कहा कि तीन यूनिट होने के बावजूद उन्हें 15 किलो की जगह 13.5 किलो अनाज मिलता है.
पूरे पंचायत में उठ रहे सवाल
ग्रामीणों का दावा है कि यह समस्या सिर्फ एक दुकान तक सीमित नहीं है. पंचायत की कई पीडीएस दुकानों पर इसी तरह कम राशन देने की शिकायतें मिल रही हैं. लाभुकों ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई करने और गरीबों को उनका पूरा हक दिलाने की मांग की है.
