बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah News: अगर आप चंपारण के मशहूर जर्दा आम के शौकीन हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. बेतिया में एक बार फिर अनोखी और चर्चित ‘जर्दा आम खाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है. हर साल की तरह इस बार भी चम्पारण वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में आम प्रेमियों को न सिर्फ जर्दा आम खाने का मौका मिलेगा, बल्कि बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा. यह आयोजन 14 जून 2026 को बरवत रोड स्थित बगीचा विवाह भवन में होगा.
बिना शुल्क के कर सकते हैं भागीदारी
आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शुरू होगी. इसमें प्रतिभागियों को तय समय के भीतर अधिक से अधिक जर्दा आम खाने की चुनौती दी जाएगी. सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित कर पुरस्कार दिया जाएगा. खास बात यह है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी तरह का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है.
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक लोगों को 13 जून की रात 9 बजे तक अपना नाम और पता व्हाट्सएप नंबर 9472960205 पर भेजकर पंजीकरण कराना होगा. आयोजकों ने बताया कि मधुमेह (शुगर) से पीड़ित लोग प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो सकेंगे. कम समय में अधिक आम खाने की क्षमता रखने वाले प्रतिभागियों को बेहतर मौका मिलेगा.
दर्शक भी उठा सकेंगे जर्दा आम का आनंद
जो लोग प्रतियोगिता में भाग नहीं लेना चाहते, वे भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आयोजन का आनंद ले सकते हैं. दर्शकों के लिए भी जर्दा आम का स्वाद लेने की व्यवस्था रहेगी. ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय गिरि ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य चंपारण के प्रसिद्ध जर्दा आम को नई पहचान दिलाना और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देना है.
