Bettiah News: भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत बगहा संगठन जिला का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आगामी 16 और 17 मई को वाल्मीकिनगर में आयोजित होने जा रहा है. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आधुनिक राजनीति के गुर सिखाना है.
12 सत्रों में प्रशिक्षित होंगे कार्यकर्ता
भाजपा के मीडिया प्रमुख सोमेश पांडे ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा मनोनीत 12 प्रशिक्षक अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे. प्रशिक्षण के दौरान संगठन की विचारधारा, सामाजिक सरोकार, पंच निष्ठा, बेहतर प्रबंधन और आधुनिक राजनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी. भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को दक्ष बनाने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाती है. वर्ष 2026 में यह अभियान मंडल स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक चलाया जा रहा है.
दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी
बगहा संगठन जिले में बूथ और मंडल स्तर का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है. अब जिला स्तरीय इस शिविर के समापन समारोह में 17 मई को कई बड़े चेहरे शामिल होंगे. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बिहार सरकार के मंत्री सह रामनगर विधायक नंदकिशोर राम और बगहा विधायक राम सिंह समेत प्रदेश एवं जिले के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे. जिलाध्यक्ष अचिंत कुमार के नेतृत्व में पूरी टीम कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी है.
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
