बेतिया में मौसम ने ली करवट, ठंडी हवाओं और बारिश से लोगों को राहत

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड प्रखंड में शुक्रवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया. उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों ने बारिश को खेती के लिए फायदेमंद बताया. पढ़ें पूरी खबर…

बेतिया के इनरवा से अमित सागर की रिपोर्ट

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह से शुरू हुई बारिश ने लोगों को उमस और तेज गर्मी से बड़ी राहत दी. बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से पूरे इलाके का मौसम खुशनुमा हो गया. कई दिनों से तपिश और चिपचिपी गर्मी से परेशान लोग बारिश होते ही राहत महसूस करने लगे. मौसम बदलते ही बाजारों और सड़कों पर भी लोगों के चेहरे खिल उठे.

कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश

मैनाटांड प्रखंड के मैनाटांड, इनरवा, भंगहा, मानपुर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और धीरे-धीरे तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली.

किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बारिश से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला. किसानों का कहना है कि लगातार गर्मी और सूखे जैसी स्थिति से खेतों की नमी खत्म हो रही थी. अब बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ेगी और खेती-किसानी के काम में आसानी होगी. कई किसानों ने इसे धान और अन्य फसलों के लिए फायदेमंद बताया.

बच्चों और युवाओं ने उठाया मौसम का आनंद

बारिश शुरू होते ही बच्चे और युवा भी मौसम का आनंद लेते नजर आए. कई जगहों पर बच्चे बारिश में भीगते दिखे, जबकि लोग चाय और पकौड़ों के साथ सुहाने मौसम का मजा लेते दिखाई दिए. बाजारों में भी भीड़ बढ़ गई और लोगों ने राहत की सांस ली.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >