बेतिया से रवि “रंक” की रिपोर्ट
Bettiah News: बेतिया शहर के बेलबाग चौक स्थित एजी मिशन स्कूल रोड पर बिजली विभाग की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. पिछले करीब दो सप्ताह से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार खतरनाक तरीके से झुका हुआ है, लेकिन अब तक इसे ठीक नहीं कराया गया है. इलाके के लोग और स्कूल प्रबंधन लगातार डर के साए में जी रहे हैं.
30 डिग्री तक झुका हाईटेंशन तार
स्थानीय लोगों के मुताबिक हाईटेंशन बिजली तार करीब 30 डिग्री तक झुक गया है. इसके बावजूद उसी लाइन से बिजली आपूर्ति जारी है. लोगों का कहना है कि तेज हवा या बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है.
स्कूल और बाजार इलाके में बढ़ा खतरा
यह सड़क शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है. इसी रास्ते से रोज हजारों लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं. एजी मिशन स्कूल के आसपास लगातार आवाजाही रहने से अभिभावकों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.
झाड़ियों से भी बढ़ रहा खतरा
जन सुराज पार्टी के नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि हाईटेंशन तार के आसपास झाड़ियां फैल चुकी हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
आंधी-तूफान में थम जाती है लोगों की सांस
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम खराब होने पर लोग इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस करते हैं. लोगों को हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है.
बिजली विभाग ने दिया कार्रवाई का भरोसा
बिजली आपूर्ति के कार्यपालक अभियंता मनीष शाक्य ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था. उन्होंने बताया कि संबंधित सहायक अभियंता को पोल और लाइन की स्थिति ठीक कराने का निर्देश दिया जा रहा है.
